फर्रुखाबाद:मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना कादरीगेट क्षेत्र में बालिकाओं को किया गया सशक्त व जागरूक।

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 अक्टूबर 2025 थाना कादरीगेट क्षेत्र में आज मिशन शक्ति टीम द्वारा बालिकाओं को सुरक्षा, स्वावलंबन और आत्मविश्वास के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम मिशन शक्ति अभियान के पांचवें चरण के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसमें टीम ने बालिकाओं को महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति टीम ने बालिकाओं को हेल्पलाइन नंबर 1090 (महिला हेल्पलाइन), 181 (महिला आपातकालीन सहायता), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) और 1098 (बाल हेल्पलाइन) के बारे में विस्तार से जानकारी दी। टीम ने छात्राओं को बताया कि किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न या आपात स्थिति में इन नंबरों पर तुरंत सहायता प्राप्त की जा सकती है।

साथ ही टीम ने बालिकाओं को आत्मरक्षा के तरीके, साइबर सुरक्षा, सोशल मीडिया पर सतर्कता और कानूनी अधिकारों के बारे में भी उपयोगी जानकारी दी।

कार्यक्रम में बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और मिशन शक्ति टीम का आभार व्यक्त किया कि उन्हें इस प्रकार की महत्वपूर्ण जानकारी मिली।

मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं व बालिकाओं को न सिर्फ आत्मनिर्भर बनाना है, बल्कि उन्हें सामाजिक, मानसिक व आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर समाज में सम्मानजनक स्थान दिलाना है।