फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज) 10 दिसंबर 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने बुधवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र, कमालगंज पहुँचकर प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत आयोजित विशेष अभियान में चल रहे मतदाता सत्यापन कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने बूथ पर की जा रही प्रक्रियाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मतदाता सूची के शुद्धिकरण, नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने एवं मतदाता विवरणों के सही सत्यापन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है, इसलिए सत्यापन कार्य पूरी पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए।
इस अवसर पर बूथ पर माननीय विधायक भोजपुर श्री नागेंद्र सिंह राठौर एवं अपर उपजिलाधिकारी सदर भी उपस्थित रहे। उन्होंने अभियान के अंतर्गत की जा रही व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए अभियान को सफल बनाने हेतु कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया।
जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित कर्मचारियों से संवाद कर कार्य में आ रही समस्याओं की जानकारी ली तथा उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे सत्यापन अभियान में सहयोग कर अपने मतदाता विवरणों को सही कराएं, जिससे आगामी निर्वाचन प्रक्रिया सुचारु रूप से सम्पन्न हो सके।
