फर्रुखाबाद:जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जायद दलहन बीज मिनीकिट वितरण हेतु लाभार्थियों का ई-लॉटरी से चयन

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 जनवरी 2026 वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत कृषि विभाग द्वारा संचालित निःशुल्क जायद दलहन बीज (उर्द एवं मूंग) मिनीकिट वितरण एवं प्रसार कार्यक्रम के तहत लाभार्थी कृषकों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से किया गया। यह प्रक्रिया दिनांक 20 जनवरी 2026, मंगलवार को अपराह्न 1:00 बजे से कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी महोदय की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।

कार्यक्रम के अंतर्गत उर्द दलहन बीज के लिए लक्ष्य संख्या 160 के सापेक्ष 176 कृषकों द्वारा बुकिंग कराई गई, जबकि मूंग दलहन बीज के लिए लक्ष्य संख्या 160 के सापेक्ष 205 कृषकों ने पंजीकरण कराया। ई-लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत लाभार्थियों का चयन पारदर्शी ढंग से किया गया।

चयनित कृषकों को जायद उर्द एवं मूंग मिनीकिट बीज का वितरण संबंधित राजकीय कृषि बीज भंडारों के माध्यम से निःशुल्क किया जाएगा। बीज वितरण पीओएस मशीन के माध्यम से किया जाएगा, जिससे वितरण प्रक्रिया को सुचारु एवं पारदर्शी बनाया जा सके।

कृषि विभाग ने सभी चयनित कृषकों से अपील की है कि वे अपने-अपने संबंधित राजकीय कृषि बीज भंडार से संपर्क कर आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए उर्द एवं मूंग मिनीकिट बीज प्राप्त करें।

इस संबंध में जानकारी उप कृषि निदेशक फर्रुखाबाद अरविन्द मोहन मिश्र द्वारा दी गई।