फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 अक्टूबर 2025 महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के उद्देश्य से चल रहे मिशन शक्ति फेज-5 अभियान के अंतर्गत आज कोतवाली फर्रुखाबाद क्षेत्र की मिशन शक्ति टीम ने स्वामी रामानंद बालिका इंटर कॉलेज में पहुंचकर छात्राओं एवं महिला स्टाफ को जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान टीम ने छात्राओं को आत्मरक्षा के महत्व, महिला हेल्पलाइन नंबरों (1090, 181, 112, 1076 आदि), साइबर अपराध से बचाव, लैंगिक समानता और स्वास्थ्य स्वच्छता से जुड़ी जानकारी दी। टीम ने कहा कि हर बालिका को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए और किसी भी प्रकार की हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत पुलिस या हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करना चाहिए।
इस अवसर पर मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं को व्यक्तिगत सुरक्षा, मानसिक सशक्तिकरण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय प्रबंधन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान छात्राओं में आत्मविश्वास और जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मिशन शक्ति टीम का यह प्रयास महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय कदम है, जो समाज में सुरक्षा और समानता का वातावरण बनाने में सहायक सिद्ध होगा।
