फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 अक्टूबर 2025 महिला सुरक्षा विशेष दल द्वारा मिशन शक्ति अभियान 5.0 के अंतर्गत थाना अमृतपुर क्षेत्र के अमर ज्योति इंटर कॉलेज, गनुआपुर में बालिकाओं को महिला सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिला सुरक्षा दल की टीम ने छात्राओं को सरकारी हेल्पलाइन नंबरों जैसे — 1090 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 181 (महिला सहायता), और 1098 (बाल सहायता) — की जानकारी दी। टीम ने बताया कि इन नंबरों के माध्यम से महिलाएं व बालिकाएं किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त कर सकती हैं।
साथ ही छात्राओं को सरकार द्वारा चलाई जा रही महिला सशक्तिकरण एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा उन्हें आत्मरक्षा के उपायों के प्रति भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, सुरक्षा के प्रति सजगता विकसित करना और समाज में उनकी सशक्त भूमिका को प्रोत्साहित करना रहा।
