फर्रुखाबाद: 03 दिसंबर 2025 नारी सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे MissionShakti5 अभियान के तहत थाना मऊदरवाजा पुलिस द्वारा व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में थाना क्षेत्र की महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी, हेल्पलाइन नंबर तथा कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया।
पुलिस टीम ने उपस्थित महिलाओं को 1098, 181, 112, 1090 और 1076 जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी आपात स्थिति, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, स्टॉकिंग, साइबर अपराध या अन्य महिला संबंधी अपराधों की स्थिति में तुरंत इन नंबरों पर सहायता प्राप्त की जा सकती है।
जागरूकता कार्यक्रम में महिलाओं को स्वयं की सुरक्षा, कानूनी अधिकार, सरकारी योजनाएँ, साइबर सुरक्षा, और मिशन शक्ति के उद्देश्यों से भी परिचित कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि समाज में महिलाओं की सुरक्षा तभी सुनिश्चित हो सकती है जब वे स्वयं जागरूक हों और किसी भी घटना को लेकर बिना डर के पुलिस से संपर्क करें।
कार्यक्रम में बालिकाओं को आत्मरक्षा के महत्व के बारे में बताया गया तथा उन्हें सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की सलाह दी गई।
थाना मऊदरवाजा पुलिस द्वारा इस तरह के निरंतर जागरूकता कार्यक्रम मिशन शक्ति-5 अभियान को जमीनी स्तर पर मजबूत बना रहे हैं, जिससे महिलाओं में सुरक्षा और आत्मविश्वास दोनों बढ़ रहा है।
