फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 दिसंबर 2025 नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को और अधिक मजबूत आधार देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे MissionShakti5 अभियान के तहत थाना कम्पिल पुलिस द्वारा मंगलवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें थाना क्षेत्र की महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी देते हुए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तार से बताया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं को 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (इमरजेंसी सेवा), 1090 (महिला पावर लाइन) व 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) जैसे आवश्यक नंबरों के उपयोग और उनकी उपलब्ध सेवाओं के बारे में जागरूक किया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिला सुरक्षा सरकार और प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे में महिलाओं को अपनी सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबरों का प्रयोग करने की सलाह दी गई। जागरूकता कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं को महिला सम्बन्धी अपराधों की पहचान, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया, स्वावलंबन कार्यक्रमों तथा आत्मरक्षा के मूल सिद्धांतों की भी जानकारी दी गई।
थाना कम्पिल पुलिस ने भरोसा दिलाया कि किसी भी महिला को यदि सहायता की आवश्यकता हो तो पुलिस हर समय तैयार है और महिलाओं के प्रति किसी तरह की हिंसा या उत्पीड़न को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मिशन शक्ति-5 के तहत ऐसे कार्यक्रम आगे भी निरंतर जारी रहेंगे ताकि समाज में महिलाओं की सुरक्षा और जागरूकता का स्तर और मजबूत हो सके।
