फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 दिसंबर 2025 मिशन शक्ति अभियान “5.0” के अंतर्गत आज दिनांक 07/12/2025 को थाना कादरीगेट की एंटी रोमियो टीम एवं महिला सुरक्षा विशेष दल द्वारा थाना क्षेत्र में महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करने हेतु विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान टीम ने सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं व बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें राज्य एवं केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इसमें कन्या सुमंगला योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तथा महिला पेंशन योजना के उद्देश्य, पात्रता एवं लाभों के बारे में विस्तार से बताया गया।
साथ ही महिला सुरक्षा से जुड़ी सरकारी हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी भी दी गई, जिसमें महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 सहित अन्य आवश्यक आपातकालीन संपर्क नंबर शामिल रहे। टीम ने महिलाओं को किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या घरेलू हिंसा की स्थिति में बिना संकोच पुलिस से संपर्क करने और हेल्पलाइन का तत्काल उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा का भाव मजबूत करना, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में अपराधों की रोकथाम सुनिश्चित करना है। अभियान के दौरान स्थानीय महिलाओं ने पुलिस के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी बताया।
थाना कादरीगेट पुलिस द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया कि महिला सुरक्षा एवं जागरूकता से जुड़े ऐसे कार्यक्रम आगे भी निरंतर चलाए जाते रहेंगे, ताकि महिलाओं को सुरक्षित, सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाया जा सके।
