फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 अक्टूबर 2025 दीपावली के पूर्व मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत आज जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने जे.एन.वी. रोड स्थित संकेत मूक-बधिर विद्यालय एवं देवी अहिल्या बाई मानसिक मंदित संस्थान का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों से संवाद स्थापित कर उनके स्वास्थ्य, पठन-पाठन एवं खान-पान की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने विद्यालय और संस्थान में रह रहे बच्चों के बीच पहुंचकर गर्म कपड़े, पेय पदार्थ, मिठाई एवं दीपावली उपहार वितरित किए। बच्चों के चेहरों पर मुस्कान देखकर जिलाधिकारी ने कहा कि “समाज के इन विशेष बच्चों की खुशी ही हमारी सच्ची दीपावली है।”
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षाओं का अवलोकन किया और बच्चों को पढ़ाया भी। उन्होंने शिक्षकों और संस्थान के कर्मचारियों से कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षण व्यवस्था को और सशक्त बनाया जाए। इस अवसर पर जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी सहित संबंधित संस्थानों का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। जिलाधिकारी के इस सौहार्दपूर्ण एवं संवेदनशील व्यवहार से बच्चों में विशेष उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।
