फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 अक्टूबर 2025 महिला सशक्तिकरण एवं समाज में बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मिशन शक्ति 5.0 के तहत आज जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों — बरौन, मोहम्मदाबाद, कमालगंज, राजेपुर, शमसाबाद, कायमगंज और नवाबगंज — में कन्या जन्मोत्सव का आयोजन भव्य रूप से किया गया।
यह आयोजन जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ के निर्देशन में संपन्न हुआ। सभी कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।
मोहम्मदाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यक्रम विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र रहा, जहाँ विधायक भोजपुर नागेन्द्र राठौर, सदस्य राज्य महिला आयोग सुनीता सैनी, डॉ अवनीन्द्र कुमार मुख्य चिकित्सा अधिकारी (MOIC), जिला प्रोबेशन अधिकारी, तथा हब के कार्मिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान श्रीमती सुनीता सैनी ने नवजात 9 बालिकाओं को सम्मानस्वरूप किट और तुलसी का पौधा भेंट किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा —“आज जरूरत है समाज की सोच बदलने की। लड़कियाँ अब किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं — चाहे वह शिक्षा हो, खेलकूद हो या अंतरिक्ष। आज हर क्षेत्र में बेटियाँ अपने परिवार, समाज और देश का नाम रोशन कर रही हैं।”
कन्या जन्मोत्सव का उद्देश्य समाज में बालिकाओं के प्रति सम्मान और समानता की भावना को मजबूत करना है। मिशन शक्ति अभियान इसी सोच को आगे बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम बन रहा है।
