फर्रुखाबाद:मिशन शक्ति 5.0 के तहत छात्रा मनाली पाठक बनीं एक दिन की जिलाधिकारी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 अक्टूबर 2025 महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति 5.0 के तहत आज एक अनोखी पहल देखने को मिली। गंगापार स्थित महात्मा गांधी इंटर कॉलेज, राजेपुर की कक्षा 10 की प्रतिभावान छात्रा कु. मनाली पाठक, पुत्री श्री मनोज पाठक, निवासी ग्राम इमादपुर सोमवंशी, राजेपुर, को एक दिन का जिलाधिकारी बनाया गया।

एक दिन के जिलाधिकारी के रूप में कु. मनाली पाठक ने कलेक्ट्रेट परिसर में जनता दर्शन के दौरान आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने जिलाधिकारी कोर्ट में लंबित वादों की सुनवाई की तथा कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता भी की।

मनाली पाठक ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से शैक्षणिक क्षेत्र में भी उत्कृष्ट उपलब्धियाँ हासिल की हैं। उन्होंने राष्ट्रीय ज्ञान परीक्षा में प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है और साथ ही राष्ट्रीय आय एवं योग्यता परीक्षा (NMMS) भी सफलता पूर्वक उत्तीर्ण की है।

उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, अभिभावकों और जनपद प्रशासन ने हार्दिक बधाई दी।

मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत यह पहल बालिकाओं को नेतृत्व क्षमता और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को समझने का अवसर प्रदान करती है, जिससे समाज में “नारी सशक्तिकरण” की भावना और भी प्रबल होती है।