फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 सितंबर 2025 मिशन शक्ति फेस 5 के अंतर्गत बेटियों को सशक्त बनाने और उन्हें नेतृत्व की जिम्मेदारी से परिचित कराने के उद्देश्य से एक विशेष पहल की गई। इसी क्रम में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की कक्षा 10 की टॉपर छात्रा आराध्या राठौर को एक दिन के लिए थाना अध्यक्ष राजेपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई।
आराध्या राठौर ने थाना अध्यक्ष की कुर्सी संभालते हुए फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और पुलिस कार्यप्रणाली को समझा। उन्होंने कहा कि यह अनुभव उनके लिए बेहद खास है और इससे उन्हें समाज सेवा व जिम्मेदारी का महत्व समझने का अवसर मिला।
आराध्या ने कक्षा 10 की परीक्षा में 92% अंक प्राप्त कर जिले में पाँचवाँ स्थान हासिल किया था। अपनी लगन और मेहनत से उन्होंने न केवल परिवार बल्कि पूरे जिले का मान बढ़ाया है। आराध्या का कहना है कि भविष्य में वे यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर आईएएस अधिकारी बनकर समाज और देश की सेवा करना चाहती हैं।
मिशन शक्ति के अंतर्गत यह पहल नारी सशक्तिकरण, नारी स्वावलंबन और महिला सुरक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय कदम है। इस अवसर ने छात्राओं और बेटियों को यह संदेश दिया है कि वे भी बड़े पदों पर पहुंचकर समाज में अपनी अहम भूमिका निभा सकती हैं। यह पहल निश्चित ही अन्य छात्राओं और बेटियों को भी प्रेरित करेगी कि वे कड़ी मेहनत कर अपने सपनों को साकार करें और समाज में मिसाल बनें।
