फर्रुखाबाद:मिशन शक्ति 5.0 के तहत पुलिस लाइन सभागार में काउंसलरों की बैठक सम्पन्न

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 नवंबर 2025 पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देशन में एवं अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह के नेतृत्व में आज पुलिस लाइन सभागार फतेहगढ़ में मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत काउंसलरों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। एएसपी डॉ. संजय सिंह ने उपस्थित काउंसलरों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर महिलाओं और बालिकाओं की समस्याओं को संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ सुनें तथा उनका समय पर समाधान सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए मिशन शक्ति अभियान एक महत्वपूर्ण पहल है। इस दिशा में समाज के हर वर्ग की भागीदारी आवश्यक है। काउंसलर इस अभियान की रीढ़ हैं, जो सीधे जनता से संवाद स्थापित कर वास्तविक समस्याओं को प्रशासन तक पहुँचाने का कार्य करते हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बैठक के दौरान महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबर 1098, 181, 112, 1090 और 1076 की जानकारी देते हुए जनजागरूकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने सभी काउंसलरों से अनुरोध किया कि वे इन नंबरों का प्रचार-प्रसार करें ताकि जरूरतमंद महिलाओं को समय पर सहायता मिल सके। कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अधिकारीगण एवं सभी क्षेत्रीय काउंसलर उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा एवं अधिकारों को सशक्त बनाना और मिशन शक्ति अभियान को जन-जन तक पहुँचाना रहा।