फर्रुखाबाद:होमगार्ड्स कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण, जिलाधिकारी व जिला कमाण्डेन्ट ने किया हरिशंकरी पौधा रोपित

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 अगस्त 2025 उत्तर प्रदेश शासन एवं होमगार्ड्स मुख्यालय लखनऊ के निर्देशानुसार वर्ष 2025-26 के अंतर्गत वृक्षारोपण अभियान के क्रम में आज होमगार्ड्स कार्यालय परिसर में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं जिला कमाण्डेन्ट होमगार्ड्स डी.एन. सिंह ने हरिशंकरी पौधा (बरगद, पीपल एवं पाकड़ का त्रिवेणी रोपण) का विधिवत वृक्षारोपण किया।

इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और जलवायु संतुलन के महत्व को रेखांकित करते हुए जिलाधिकारी महोदय ने उपस्थित होमगार्ड्स जवानों एवं अधिकारियों को पेड़-पौधों की उपयोगिता, पर्यावरणीय लाभ और स्वास्थ्य से संबंधित प्रभावों पर जागरूक किया। उन्होंने कहा कि “वृक्ष केवल जीवन का आधार ही नहीं, बल्कि पृथ्वी के संतुलन और मानव स्वास्थ्य के रक्षक भी हैं।”

कार्यक्रम के दौरान होमगार्ड्स के वैतनिक व अवैतनिक जवानों को पीपल, बरगद, नीम, जामुन, इमली, बेल, अर्जुन, सहजन, आम, आंवला जैसी छायादार एवं फलदार प्रजातियों के 02-02 पौधे वितरित किए गए, जिससे वे अपने-अपने क्षेत्रों में रोपण कर सकें।

कार्यक्रम में होमगार्ड्स कार्यालय का समस्त स्टाफ एवं विभिन्न कंपनियों के अधिकारीगण उपस्थित रहे। यह वृक्षारोपण न केवल पर्यावरणीय संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि समाज में हरित चेतना के विस्तार का भी प्रतीक है।