फर्रुखाबाद: पीसीएस (प्रारंभिक) परीक्षा-2025 हेतु अधिकारियों का प्रशिक्षण सम्पन्न

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 अक्टूबर 2025 संयुक्त राज्य / प्रवर अधीनस्थ सेवा (प्रा०) परीक्षा–2025 एवं सहायक वन संरक्षक / क्षेत्रीय वन अधिकारी सेवा (प्रा०) परीक्षा–2025 के सुचारू संचालन के लिए ड्यूटी में लगाए गए अधिकारियों, केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित कर्मचारियों का प्रशिक्षण आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी परीक्षा केंद्र पर 3 घंटे पूर्व पहुंचें तथा अपने मोबाइल फोन व इलेक्ट्रॉनिक उपकरण कंट्रोल रूम में जमा करें।

उन्होंने बताया कि अनुपस्थित कर्मचारियों को चिन्हित कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। अभ्यर्थियों को डेढ़ घंटे पूर्व परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होना होगा, जहां उनके रोल नंबर का सिटिंग प्लान से मिलान कर सत्यापन किया जाएगा। सत्यापित अभ्यर्थियों के प्रपत्र पर स्टीकर चिपकाया जाएगा।

परीक्षा केंद्र के गेट परीक्षा प्रारंभ होने से 45 मिनट पूर्व बंद कर दिए जाएंगे, तथा 15 मिनट पूर्व प्रश्नपत्र वितरित किए जाएंगे। संलग्नक 8 को दो अभ्यर्थियों के हस्ताक्षर के साथ भरा जाएगा। प्रश्नपत्र, बुकलेट और ओएमआर शीट एक साथ पैक की जाएंगी ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो।

डीएम द्विवेदी ने निर्देशित किया कि सभी संबंधित अधिकारी आयोग द्वारा उपलब्ध कराई गई निर्देश पुस्तिका का गंभीरता से अध्ययन करें और उसमें दिए गए सभी बिंदुओं का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक, उप जिलाधिकारी गजराज सिंह, सहित संबंधित जिलास्तरीय अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक एवं कक्ष निरीक्षक उपस्थित रहे।