फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 दिसंबर 2025 भारतीय पाठशाला इंटर कॉलेज, फर्रुखाबाद में आयोजित सात दिवसीय बेसिक कोर्स स्काउट मास्टर/गाइड कैप्टन प्रशिक्षण शिविर के पांचवें दिवस का शुभारंभ ध्वज शिष्टाचार के साथ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत अनुशासन और संगठनात्मक गतिविधियों के साथ की गई, जिसमें प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
इस अवसर पर सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त (स्काउट), कानपुर मंडल श्री मयंक शर्मा ने स्काउट-गाइड संगठन की संरचना तथा प्रदेश एवं संगठन स्तर पर आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने प्रशिक्षुओं को इन प्रतियोगिताओं में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
शिविर संचालक (स्काउट) मनोज कुमार रावत द्वारा प्राथमिक सहायता विषय के अंतर्गत विभिन्न प्रकार की पट्टियों तथा स्ट्रेचर के निर्माण का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने बताया कि दुर्घटना या आपात स्थिति में इनका प्रभावी उपयोग कर किस प्रकार जीवन रक्षक सहायता प्रदान की जा सकती है। वहीं प्रशिक्षिका श्रीमती चमन शुक्ला ने टेंट निर्माण एवं कैंप फायर से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
भोजनोपरांत जिला मुख्यायुक्त श्री दिनेश चंद्र वर्मा, सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त कानपुर मंडल श्री मयंक शर्मा, जिला सचिव डॉ. महेश चंद्र राजपूत, एलओसी (स्काउट) मनोज रावत, एलओसी (गाइड) शशिप्रभा, मनीष कुमार, सुधीर कुशवाहा, पुष्कर मिश्रा, पुष्पेंद्र शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों के सानिध्य में सभी प्रशिक्षुओं को टोलीवार महाभारत कालीन एक प्राचीन धार्मिक स्थल की हाइक पर ले जाया गया।
हाइक के दौरान प्रशिक्षुओं ने खोज के चिन्हों का अनुसरण करते हुए मार्ग तय किया, जिससे उनमें नेतृत्व, सहयोग, अनुशासन एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता का विकास हुआ। शिविर में वापस लौटने के उपरांत सभी प्रशिक्षुओं द्वारा सामूहिक रूप से कैंप फायर का आयोजन किया गया, जिसमें सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से दिनभर के अनुभवों को साझा किया गया।
शिविर का यह दिवस प्रशिक्षण, साहसिक गतिविधियों एवं सांस्कृतिक चेतना से भरपूर रहा, जिसने प्रशिक्षुओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
