फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 जुलाई 2025 पुलिस लाइन सभागार में व्यापारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह ने की। बैठक का उद्देश्य व्यापारिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना था। बैठक के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने व्यापारियों से संवाद करते हुए स्पष्ट रूप से कहा कि अपने-अपने प्रतिष्ठानों के बाहर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जाएं, जिससे आपराधिक घटनाओं की निगरानी एवं त्वरित कार्रवाई में सहायता मिल सके। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरे न केवल अपराधों की रोकथाम में सहायक होते हैं, बल्कि इससे पुलिस को जांच में भी सहयोग मिलता है। डॉ. संजय सिंह ने व्यापारियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन और व्यापारी वर्ग की साझेदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने व्यापारियों को सुरक्षा से संबंधित अन्य उपायों की जानकारी भी दी। बैठक में नगर के प्रमुख व्यापारी, पुलिस अधिकारी एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने मिलकर व्यापारिक गतिविधियों को सुरक्षित व व्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रशासन को पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।
फर्रुखाबाद:पुलिस लाइन सभागार में व्यापारियों की बैठक सम्पन्न, सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश।
