फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 जुलाई 2025 रेलवे रोड स्थित सिल्वर साइन टॉकीज के बाहर बिजली विभाग द्वारा ट्रांसफार्मर को स्थानांतरित करने की कार्यवाही पर व्यापार मंडल ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। विभाग की यह कार्रवाई स्थानीय निवासियों व व्यापारियों की सहमति के बिना की जा रही थी, जिससे क्षेत्र में असंतोष व्याप्त हो गया।
सिल्वर साइन टॉकीज के पास दीपक अग्रवाल की मोबाइल की दुकान और आवास स्थित है। ट्रांसफार्मर लगाए जाने से न केवल उनके घर का प्रवेश मार्ग अवरुद्ध हो रहा था, बल्कि दुकान का संचालन भी प्रभावित हो रहा था। स्थानीय लोगों द्वारा इसकी सूचना व्यापार मंडल प्रदेश उपाध्यक्ष अंकुर श्रीवास्तव व युवा नगर महामंत्री रोहन कश्यप उर्फ राजा को दी गई।
सूचना मिलते ही व्यापार मंडल की टीम मौके पर पहुंची और बिजली विभाग के अधिकारियों जय अजय बाबू एवं ठेकेदार से वार्ता की। टीम ने स्पष्ट रूप से कहा कि “पब्लिक की सहमति के बिना ट्रांसफार्मर नहीं लगने दिया जाएगा।” विरोध के चलते मौके पर पुलिस भी पहुंची और दोनों पक्षों को कोतवाली बुलाकर वार्ता के लिए आमंत्रित किया।
अंकुर श्रीवास्तव ने कोतवाली में स्पष्ट कहा, यदि व्यापारी और स्थानीय निवासी सहमत नहीं हैं, तो ट्रांसफार्मर को जबरन नहीं लगाया जाएगा। बिजली विभाग यदि लोड बढ़ाना चाहता है तो उसी स्थान पर एक और ट्रांसफार्मर की व्यवस्था करे।विवादित स्थान विकाश वर्मा के घर के सामने है, जो विकलांग हैं। ट्रांसफार्मर की स्थापना से उनके घर से बाहर निकलने में भी गंभीर दिक्कतें आने की संभावना है। ऐसे में यह मामला न केवल व्यापारी हितों का बल्कि मानवीय दृष्टिकोण से भी संवेदनशील बन गया है। व्यापार मंडल ने चेतावनी दी है कि यदि बिजली विभाग ने जबरन ट्रांसफार्मर स्थापित करने का प्रयास किया, तो क्षेत्र में व्यापक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। फिलहाल ट्रांसफार्मर स्थानांतरण की कार्यवाही स्थगित कर दी गई है।
