फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 जुलाई 2025 उत्तर प्रदेश विधान परिषद की विनियमन समीक्षा समिति 24 जुलाई से अपने अध्ययन भ्रमण कार्यक्रम पर रवाना हो रही है। इस क्रम में समिति 24 जुलाई को जनपद फर्रुखाबाद के नगला गुलाब स्थित इस्कॉन नामहट्ट केंद्र व गौशाला में अल्प विश्राम करेगी। यह केंद्र नीमकरोली बाबा के दर्शन स्थल के निकट स्थित है, जहां समिति के सदस्य दर्शन कर आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त करेंगे।
इसके उपरांत समिति सड़क मार्ग द्वारा जनपद अलीगढ़ के लिए प्रस्थान करेगी।
इस संबंध में विधान परिषद सचिवालय, लखनऊ से जारी पत्र में जिलाधिकारी फर्रुखाबाद को निर्देशित किया गया है कि समिति के भ्रमण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा सेवाएं (एम्बुलेंस सहित) तथा प्रोटोकॉल के अनुरूप आवागमन व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। यह समस्त व्यवस्थाएं प्रोटोकाल अनुभाग के पत्र संख्या-5833/56-3 ख (1/24)/77, दिनांक 02 नवम्बर, 1979 के अनुसार की जाएंगी।
विधान परिषद के अनुसचिव अरुण प्रकाश शर्मा द्वारा हस्ताक्षरित पत्र में यह भी आग्रह किया गया है कि सभी आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में की गई कार्यवाही से समिति के समीक्षा अधिकारी श्री मयंक यादव को अवगत कराते हुए, इस सचिवालय को भी शीघ्र जानकारी प्रेषित की जाए।
यह भ्रमण कार्यक्रम न केवल समिति के अध्ययन उद्देश्यों की पूर्ति करेगा, बल्कि स्थानीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व के स्थलों से जुड़ाव का भी अवसर प्रदान करेगा। फर्रुखाबाद प्रशासन समिति की आगवानी व व्यवस्था को लेकर तैयारियों में जुट गया है।
