फर्रुखाबाद: संयुक्त चेकिंग में तीन ओवरलोड ट्रक सीज, ₹1.34 लाख का जुर्माना

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 अगस्त 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में जिले में अवैध खनन व ओवरलोडिंग के विरुद्ध सघन अभियान चलाया गया। आज सुबह जिला खनन अधिकारी संजय प्रताप व एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत की संयुक्त टीम ने बघार क्षेत्र में खनन सामग्री ले जा रहे ट्रकों की चेकिंग की।

चेकिंग के दौरान एक ट्रक ऐसा पाया गया, जिसकी खनन विभाग की रॉयल्टी कम जमा थी और वह ओवरलोड भी था। इस ट्रक को मेडिकल कॉलेज पुलिस चौकी बघार पर सीज कर दिया गया। इस पर खनन विभाग ने ₹27,700 और परिवहन विभाग ने ₹30,000 का जुर्माना लगाया।

इसके अतिरिक्त दो अन्य ओवरलोड ट्रक भी पकड़े गए जिन्हें सीज कर ₹77,000 का जुर्माना लगाया गया। इस प्रकार आज की कार्यवाही में खनन विभाग द्वारा कुल ₹27,700 और परिवहन विभाग द्वारा ₹1,07,000 का जुर्माना वसूला गया।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की औचक चेकिंग आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।