फर्रुखाबाद:बीती रात चोरों ने ट्रांसफार्मर को बनाया निशाना, खेत की सिंचाई पर पड़ा असर, जिम्मेदार मौन।

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 05 नवम्बर 2025 थाना मोहम्मदाबाद क्षेत्र के ग्राम खिमसेपुर में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक किसान के खेत में लगे विद्युत ट्रांसफार्मर को निशाना बनाते हुए उसमें से कीमती सामान चोरी कर लिया।

प्रार्थिनी मीरा देवी पत्नी स्वर्गीय सुभाष सिंह, निवासी ग्राम खिमसेपुर के खेत पर सिंचाई हेतु विद्युत नलकूप लगा हुआ था। बताया गया कि जब सुबह ग्रामीण खेतों की ओर गए तो उन्होंने देखा कि नलकूप का ट्रांसफार्मर खंभों के नीचे जमीन पर पड़ा हुआ है और उसका सारा सामान गायब है। सूचना मिलते ही प्रार्थिनी मौके पर पहुंची तो देखा कि ट्रांसफार्मर पूरी तरह लूटा जा चुका था।

इस चोरी की घटना से प्रार्थिनी मीरा देवी गहरे सदमे में हैं। वर्तमान में खेतों में आलू की फसल बोई गई है, जिसके लिए सिंचाई अत्यंत आवश्यक है। वहीं घर में बेटी की शादी की तैयारियां चल रही हैं। छोटे बेटे के फिरोजाबाद कार्ड बांटने जाने और बड़े बेटे के भारतीय सेना में सेवारत होने के कारण परिवार पहले से व्यस्त था। ऐसे में इस घटना ने पूरे परिवार को अंदर तक झकझोर कर रख दिया है।

प्रार्थिनी ने घटना की सूचना थाना मोहम्मदाबाद में दी, जहां इस प्रकरण में लिखित तहरीर देकर मुकदमा पंजीकृत कराया गया है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच प्रारंभ कर दी है।