फर्रुखाबाद:चोरों के हौसले बुलंद, ट्रांसफार्मर से तेल चोरी की घटना से मचा हड़कंप

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 नवम्बर 2025 नवाबगंज क्षेत्र में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे किसानों के खेतों में लगे ट्रांसफार्मरों को भी नहीं छोड़ रहे। ताजा मामला थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव नवादा सिरोली का है, जहां अज्ञात चोरों ने बीती रात खेतों पर लगे समरसेबल ट्रांसफार्मर से तेल चोरी कर लिया गया।

जानकारी के अनुसार, यह ट्रांसफार्मर प्रशांत कुमार के खेत पर लगा हुआ था। बताया गया कि 29 अक्टूबर की रात अज्ञात चोर ट्रांसफार्मर की निचली सतह तोड़कर उसमें से तेल निकाल ले गए। सुबह जब प्रशांत कुमार खेत पहुंचे, तो ट्रांसफार्मर खुला देखकर घटना का पता चला। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना थाना नवाबगंज पुलिस को दी।

सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी अवध नारायण पांडे ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपियों को पकड़कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों तुकमान सिंह पाल, बबलू पाल, महेशचंद्र, बंटू श्रीवास्तव, लोकपाल (पहाड़पुर), शंभू दयाल, श्रीराम राठौर, जितेंद्र, जयपाल यादव, लालजी पाठक आदि ने बताया कि क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं लगातार हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से रात में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

स्थानीय किसानों का कहना है कि ट्रांसफार्मर से तेल चोरी की घटनाएं न केवल बिजली आपूर्ति को बाधित करती हैं, बल्कि किसानों को भारी आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ता है।

ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि पुलिस शीघ्र ही दोषियों को गिरफ्तार कर ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाएगी।