फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 जून 2025 राष्ट्रीय खाद्यान्न सुरक्षा अधिनियम के तहत पारदर्शी वितरण प्रणाली को मजबूत करने के प्रयासों के तहत पूर्ति निरीक्षक सदर अभिषेक मिश्र ने विकास खंड मोहम्मदाबाद की ग्राम पंचायत गैसिगपुर में राशन कोटेदार की दुकान का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पूर्ति निरीक्षक ने कोटेदार जितेंद्र सिंह राठौर की दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरों को देखकर प्रसन्नता जताई और व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह एक अनुकरणीय कदम है, जिससे खाद्यान्न वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित हो रही है और कार्डधारकों को भयमुक्त वातावरण में उनका हक मिल रहा है।
बकोटेदार जितेंद्र सिंह राठौर ने जानकारी दी कि कैमरे लगने के बाद न सिर्फ वितरण में पारदर्शिता आई है, बल्कि उपभोक्ताओं का विश्वास भी बढ़ा है। उन्होंने बताया कि दुकान में अलग-अलग स्थानों पर कैमरे लगाए गए हैं ताकि संपूर्ण वितरण प्रक्रिया रिकॉर्ड में रहे।
इस मौके पर कुछ कार्डधारकों से भी गोपनीय बातचीत की गई, जिसमें यह स्पष्ट हुआ कि सभी को निर्धारित मात्रा में राशन सही तरीके से और बिना किसी दबाव के मिल रहा है। निरीक्षण रिपोर्ट में व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।गौरतलब है कि खाद्य आयुक्त ने सभी पूर्ति निरीक्षकों को प्रतिमाह कम से कम पांच दुकानों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया है, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ सही रूप से जरूरतमंदों तक पहुंचे। गैसिगपुर की यह पहल अन्य कोटेदारों के लिए भी एक मिसाल बन सकती है। राशन वितरण में तकनीक के समुचित उपयोग से गरीबों को उनका अधिकार सुरक्षित रूप से मिल रहा है, जो सरकार की पारदर्शी और जवाबदेह प्रणाली की दिशा में एक सराहनीय कदम है।
