फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 जुलाई 2025 क्षेत्र में किसानों द्वारा सड़क के किनारे मक्का सुखाने की प्रवृत्ति दिनों-दिन बढ़ती जा रही है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका भी गंभीर रूप से बढ़ गई है। फर्रुखाबाद के क्षेत्रों में लगभग 4 से 5 किलोमीटर लंबी दूरी तक, किसानों द्वारा एक ओर सड़क पर मक्का फैला कर सुखाया जा रहा है। इससे उस दिशा से आने वाले वाहनों को निकलने में भारी परेशानी होती है और अक्सर तेज रफ्तार से गुजर रहे वाहन एक-दूसरे को क्रॉस करते वक्त दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं।
स्थानीय निवासी ने बताया, “मैंने स्वयं देखा कि किस तरह सड़क पर फैले मक्के की वजह से वाहन चालकों को दूसरी तरफ से तेज गति से आ रहे वाहनों के सामने आना पड़ता है। यह स्थिति दुर्घटना को दावत देती है और जनहानि का कारण बन सकती है।” यह स्थिति न सिर्फ यातायात के नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यह आमजन की सुरक्षा के साथ भी खिलवाड़ है। भारत सरकार और उत्तर प्रदेश शासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों को धान, गेहूं व मक्का सुखाने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, लेकिन जागरूकता के अभाव में किसान अब भी सड़क को ही ‘खलिहान’ बना रहे हैं।
प्रशासन से अपील:
स्थानीय लोगों ने फर्रुखाबाद के जिलाधिकारी और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इसपर तुरंत कार्रवाई की जाए। किसानों को वैकल्पिक स्थानों पर अनाज सुखाने की सलाह दी जाए और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही, ग्राम प्रधानों और लेखपालों के माध्यम से गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करने का अभियान भी चलाया जाए। यदि समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया, तो ये स्थिति बड़े सड़क हादसों का कारण बन सकती है। शासन-प्रशासन को ग्रामीण परिवेश और किसानों की स्थिति को ध्यान में रखते हुए संतुलित और प्रभावी कदम उठाने होंगे।
