फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 31 अक्टूबर 2025 विकासखंड कमालगंज के ग्राम पंचायत रुनीचुरसाई में आयोजित ग्राम चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में व्याप्त जलभराव की समस्या को प्रमुखता से उठाया। लंबे समय से बनी इस समस्या के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामवासियों ने बताया कि गांव के पश्चिमी ओर मुख्य मार्ग पर जलभराव की समस्या कई महीनों से बनी हुई है। इस संबंध में कई बार अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने कहा कि जलभराव के कारण आवागमन में दिक्कतों के साथ-साथ बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
ग्राम सचिवालय में आयोजित चौपाल के दौरान ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ ने लेखपाल को मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए। बीडीओ के निर्देश पर पहुंचे लेखपाल गौरव त्रिवेदी ने कहा कि जलभराव की समस्या का शीघ्र समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।
इस मौके पर पूर्व प्रधान अरविंद राजपूत, संजीव कुमार, नीलेंद्र प्रताप सिंह, रवीश कुमार, रामदास किशनबाबू, मुखराम, आयुष, अतरसिंह, सुमित, रामबेटी, रछपाल सिंह, जयसिंह, शांति देवी, संतराम, रामऔतार, जीतू सिंह सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।
चौपाल में एडीओ पंचायत विनय सिंह चौहान, जिला पंचायत सदस्य अमित राजपूत, प्रधान प्रतिभा देवी, पंचायत मित्र रघुनाथ सिंह, आंगनबाड़ी कार्यकत्री और आशा बहुएं भी उपस्थित रहीं। इस दौरान चौपाल में गर्भवती महिलाओं को फलाहार वितरण कर उन्हें पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक किया गया।
