फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 दिसंबर 2025 बैंक ऑफ़ इंडिया ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI), फर्रुखाबाद में आयोजित “बेसिक्स ऑफ़ पापड़, पिकल एवं मसाला पाउडर मेकिंग” प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज सफलतापूर्वक समापन किया गया। यह कार्यक्रम ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आंचलिक प्रबंधक, बैंक ऑफ़ इंडिया, हरदोई अंचल श्री किरण पाठक जी तथा अग्रणी जिला प्रबंधक श्री वी.डी. वर्मा जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान के निदेशक श्री ओमेन्द्र सिंह द्वारा मुख्य अतिथियों के स्वागत के साथ की गई।
अपने संबोधन में श्री किरण पाठक जी ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली सभी महिलाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि आज ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही हैं और ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पापड़, अचार एवं मसाला जैसे घरेलू उद्योग कम लागत में शुरू होकर महिलाओं के लिए स्थायी आय का सशक्त माध्यम बन सकते हैं।
अग्रणी जिला प्रबंधक श्री वी.डी. वर्मा जी ने भी RSETI द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में अहम योगदान दे रहा है।
कार्यक्रम का सफल संचालन संकाय सदस्य श्री दिव्यांशु मिश्रा द्वारा किया गया, जिन्होंने पूरे आयोजन को सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराया। समापन अवसर पर प्रतिभागी महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस प्रशिक्षण से उनके आत्मविश्वास में वृद्धि हुई है और अब वे स्वयं का रोजगार शुरू करने के लिए प्रेरित महसूस कर रही हैं।
अंत में संस्थान की ओर से यह संदेश दिया गया कि बैंक ऑफ़ इंडिया RSETI फर्रुखाबाद भविष्य में भी महिलाओं एवं युवाओं के कौशल विकास तथा सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए इस प्रकार के उपयोगी एवं रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
