फर्रुखाबाद:गुमशुदा बालक मिला चाइल्ड हेल्पलाइन और पुलिस की मुस्तैदी से सुरक्षित हुआ परिजन से मिलन

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 जून 2025 थाना शमशाबाद क्षेत्र में 25 जून को मिले एक गुमशुदा बालक को पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त कार्यवाही के बाद आज सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बालक ने अपना नाम मृत्युंजय मिश्रा पुत्र संदीप मिश्रा एवं माता का नाम कामना मिश्रा बताया था। वह स्वयं को फर्रुखाबाद निवासी बता रहा था। क्षेत्र में भ्रमण कर रही डायल 112 पुलिस टीम ने बच्चे को अकेले घूमते हुए पाया और तत्काल मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए उसे शमशाबाद थाने लाकर संबंधित अधिकारियों को सौंपा।

 इसके पश्चात शमशाबाद पुलिस ने बच्चे की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए उसे चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 को सौंप दिया। चाइल्ड केयर टीम ने बच्चे की देखभाल करते हुए उसके परिजनों का पता लगाने का प्रयास जारी रखा। लगातार प्रयासों और जनसहयोग से अंततः बच्चे के पिता संदीप मिश्रा का पता चल सका, जो वर्तमान में भिवाड़ी, दिल्ली में निवास करते हैं। उन्हें सूचना देकर बुलाया गया और सभी आवश्यक सत्यापन एवं बाल कल्याण समिति (CWC) की प्रक्रिया पूरी करने के बाद आज दिनांक 29 जून 2025 को बच्चे को सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया गया। इस कार्य में डायल 112 टीम, थाना शमशाबाद पुलिस, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 व बाल कल्याण समिति की सराहनीय भूमिका रही। समय रहते हुई त्वरित कार्रवाई से एक परिवार को उनका लाड़ला वापस मिल सका।