फर्रुखाबाद: मेला श्रीरामनगरिया समिति की कार्यकारिणी बैठक सम्पन्न, सदस्यता शुल्क बढ़ाने सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सहमति

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 दिसंबर 2025 मेला श्रीरामनगरिया समिति फतेहगढ़, जिला की कार्यकारिणी सदस्यों की महत्वपूर्ण बैठक कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी/कलेक्टर फर्रुखाबाद ने की। बैठक में पुलिस अधीक्षक फर्रुखाबाद, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), नगर मजिस्ट्रेट, उप जिलाधिकारी सदर, कोषाधिकारी सहित समिति के अन्य सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में मेला श्रीरामनगरिया से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इनमें मेला समिति के सामान्य एवं आजीवन सदस्य बनाए जाने की प्रक्रिया, मेला श्रीरामनगरिया की आधिकारिक वेबसाइट का निर्माण, कॉफी टेबल बुक तैयार करने तथा मेला श्रीरामनगरिया का लोगो विकसित करने जैसे विषय प्रमुख रहे।

कार्यकारिणी के सभी सदस्यों द्वारा सर्वसम्मति से यह मत व्यक्त किया गया कि वर्तमान में साधारण सदस्यता शुल्क ₹100 एवं आजीवन सदस्यता शुल्क ₹11,000 अत्यंत कम है, जिसे बढ़ाए जाने की आवश्यकता है। इस पर विचार करते हुए यह निर्णय लिया गया कि साधारण सदस्यता शुल्क ₹11,000 प्रतिवर्ष तथा आजीवन सदस्यता शुल्क ₹51,000 निर्धारित किया जाए।

इसके अतिरिक्त बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि यदि कोई साधारण अथवा आजीवन सदस्य मेला श्रीरामनगरिया के अंतर्गत सांस्कृतिक कार्यक्रम या अन्य कार्यक्रमों का संयोजन करना चाहता है, तो वह समिति की सहमति से कार्यक्रम आयोजित कर सकता है, बशर्ते कार्यक्रम का समस्त व्यय भार संबंधित सदस्य द्वारा वहन किया जाएगा। इस संबंध में बायलॉज में आवश्यक संशोधन कराए जाने पर भी सहमति व्यक्त की गई।

बैठक में प्रस्तुत सभी प्रस्तावों पर कार्यकारिणी के सभी सदस्यों ने एकमत से अपनी स्वीकृति प्रदान की। अंत में अध्यक्ष द्वारा बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया गया।

यह बैठक मेला श्रीरामनगरिया को और अधिक व्यवस्थित, आधुनिक एवं व्यापक स्वरूप प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।