फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 दिसंबर 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में सीएम डैशबोर्ड के अंतर्गत विकास कार्यों की नवंबर माह की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। समीक्षा में विकास कार्यों के प्रदर्शन के आधार पर जनपद फर्रूखाबाद ने प्रदेश में 15वां स्थान प्राप्त किया।
बैठक में 28 विभागों की 76 योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान कई योजनाएं सी-श्रेणी में पाई गईं, जिन पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
सी-श्रेणी में शामिल प्रमुख योजनाओं में समाज कल्याण विभाग की मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना (42वीं रैंक), सामान्य वर्ग दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना (58वीं रैंक) एवं अनुसूचित जाति दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना (46वीं रैंक) शामिल रहीं।
लोक निर्माण विभाग के सेतुओं के निर्माण कार्यक्रम को 59वीं रैंक, पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की दशमोत्तर छात्रवृत्ति/शुल्क प्रतिपूर्ति योजना को 45वीं रैंक प्राप्त हुई।
जल निगम ग्रामीण विभाग के जल जीवन मिशन की रैंकिंग 60 रही। उद्योग विभाग की ओडीओपी वित्त पोषण योजना को भी 60वीं रैंक मिली। चिकित्सा विभाग में एम्बुलेंस 102 सेवा की रैंक 66 तथा एम्बुलेंस 108 की रैंक 24 रही।
विद्युत विभाग में खराब ट्रांसफार्मर शिकायत निस्तारण में 69वीं रैंक और ग्रामीण विद्युत आपूर्ति में 60वीं रैंक प्राप्त हुई।
वहीं, ग्राम्य विकास विभाग के डीएनआरएलएम-आरएफसीआईएफ कार्यक्रम में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया और इसे 13वीं रैंक प्राप्त हुई। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की दशमोत्तर छात्रवृत्ति/शुल्क प्रतिपूर्ति योजना को 42वीं रैंक मिली।
जिलाधिकारी ने खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों के अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्देश दिए कि अगले माह की रैंकिंग में अनिवार्य रूप से सुधार सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा जिम्मेदारी तय की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, पीडी डीआरडीए, जिला विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
