फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 नवम्बर 2025 कलेक्ट्रेट सभागार परिसर फतेहगढ़ में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में 09 जुलाई 2025 को विभिन्न विभागों द्वारा किए गए वृहद वृक्षारोपण के सत्यापन की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वृक्षारोपण का सत्यापन कार्य समय से पूरा किया जाए तथा वृक्षारोपण की गणना पंजिका (रजिस्टर) तैयार कर रखी जाए। उन्होंने आगामी वर्ष के वृक्षारोपण हेतु अभी से ही जमीन का चिन्हांकन करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध अभियान को और प्रभावी बनाने तथा सीज़र और जुर्माने की कार्यवाही को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रमुख घाटों पर कूड़े के निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिए।
उन्होंने एस.टी.पी. (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) के समुचित निरीक्षण के लिए टीम गठन करने तथा जिले में संचालित सभी तम्बाकू उद्योग इकाइयों के पंजीकरण की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के भी निर्देश दिए।
डी.एफ.ओ. ने बैठक में जानकारी दी कि पांचाल घाट पर नाविकों, दुकानदारों और पंडा-पुजारियों की सूची तैयार कर ली गई है और शीघ्र ही रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूर्ण कर पहचान पत्र जारी किए जाएंगे।
ए.सी.एम.ओ. ने बताया कि ग्रीन हाउस प्रा. लि. मैनपुरी को शहर में बायो-मेडिकल वेस्ट उठाने का टेंडर दिया गया है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, डी.एफ.ओ. राजीव कुमार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, पी.डी. डी.आर.डी.ए. सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
