फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 अक्टूबर 2025 कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में जीरो पॉवर्टी अभियान की प्रगति के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभाग के चिन्हित लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से आच्छादित करना सुनिश्चित करें ताकि जनपद को गरीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य की दिशा में प्रभावी कार्य किया जा सके।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग स्टेट डेटा से अपने जनपद के लाभार्थियों की सूची का मिलान करें और यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति की फैमिली आईडी बन जाए। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि सभी किसानों, पेंशन धारकों एवं अन्य पात्र परिवारों की फैमिली आईडी समय से तैयार कराई जाए।
साथ ही, जिलाधिकारी ने कहा कि “विकसित भारत विकसित उत्तर प्रदेश अभियान” के अंतर्गत प्रत्येक विभाग अपने लाभार्थियों से योजनाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त कराना सुनिश्चित करें, ताकि योजनाओं की प्रभावशीलता का मूल्यांकन किया जा सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक (डीआरडीए), जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला पंचायती राज अधिकारी, सेवायोजन अधिकारी, समाज कल्याण अधिकारी, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, प्रिंसिपल आईटीआई सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने अंत में कहा कि जनपद स्तर पर सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर जीरो पॉवर्टी के लक्ष्य की दिशा में ठोस और परिणाममूलक कार्य करें, ताकि प्रत्येक परिवार को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
