फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 नवंबर 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में आज दिनांक 29 नवंबर 2025 को परिवहन विभाग और राज्य कर विभाग की संयुक्त टीम ने स्लीपर बसों व भारी वाहनों पर एक बड़ा चेकिंग अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व अमित त्यागी, सहायक आयुक्त (राज्य कर) सचल दल फतेहगढ़ द्वारा किया गया।
स्लीपर बसों की सघन चेकिंग, बिना प्रपत्र माल नहीं मिला
स्लीपर बसों में माल ढोने की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद टीम ने कई बसों की जांच की। चेकिंग के दौरान किसी भी स्लीपर बस में बिना प्रपत्र माल ढोने की पुष्टि नहीं हुई, जिससे संकेत मिलता है कि बस ऑपरेटरों पर की गई सख्ती का असर दिख रहा है।
ओवरहाइट व ओवरलोड ट्रकों पर बड़ी कार्रवाई
अभियान के दौरान परिवहन विभाग ने भारी वाहनों की भी जांच की। 3 ट्रक ओवर-हाइट सामान लादे पाए गए, जिनके खिलाफ चालान किया गया। 2 ओवरलोड ट्रक सीज कर दिए गए।
11 वाहनों पर कार्रवाई, 1.27 लाख जुर्माना
कुल मिलाकर परिवहन विभाग ने 11 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए ₹1.27 लाख का जुर्माना लगाया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर आगे भी इसी प्रकार की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान जारी रहेगा
अधिकारियों ने बताया कि यह सघन चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा, जिससे अवैध परिवहन, कर चोरी तथा ओवरलोडिंग पर नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
