फर्रुखाबाद:कमालगंज गणेश महोत्सव को लेकर समिति ने प्रशासन से लगाई गुहार

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 अगस्त 2025 कमालगंज में ऐतिहासिक एवं भव्य गणेश महोत्सव का आयोजन इस वर्ष भी बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ किया जा रहा है। श्री गणेश सेवा समिति, कमालगंज ने जिलाधिकारी फतेहगढ़-फर्रुखाबाद को ज्ञापन देकर महोत्सव की सुचारू व्यवस्था बनाए रखने की मांग की है।

समिति का कहना है कि महोत्सव के दौरान कुछ समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं, जिनका तत्काल निराकरण आवश्यक है। समिति ने मुख्य रूप से तीन बिंदुओं पर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है—

1. थाना कमालगंज अध्यक्ष द्वारा सहयोग न करना और आयोजन समिति के सदस्यों को भयभीत करना।

2. कुछ अराजक तत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने की कोशिशें और लगातार उकसावे वाली गतिविधियों को बढ़ावा देना।

3. सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालकर धार्मिक भावनाएं आहत करना, जिससे नगर की सौहार्दपूर्ण स्थिति प्रभावित होने की आशंका है।

समिति ने कहा कि इस प्रकार की परिस्थितियां भक्तों की आस्था को ठेस पहुंचा रही हैं और त्यौहार के शांतिपूर्ण आयोजन में व्यवधान उत्पन्न कर सकती हैं।

इस बीच आगामी त्योहारों के दृष्टिगत अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय सिंह, उप जिलाधिकारी सदर रजनीकांत और क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद अजय वर्मा की मौजूदगी में थाना कमालगंज में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी धर्मगुरुओं व गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लेकर आपसी सौहार्द बनाए रखने और शांतिपूर्ण तरीके से त्यौहार मनाने की अपील की।

समिति ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन द्वारा शीघ्र आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, जिससे गणेश महोत्सव भक्ति, आस्था और शांति के वातावरण में संपन्न हो सके।