फर्रुखाबाद:बेसिक कोर्स फॉर स्काउट मास्टर एवं गाइड कैप्टन प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 दिसम्बर 2025 भारतीय पाठशाला इंटर कॉलेज, फर्रुखाबाद में उत्तर प्रदेश भारत स्काउट एवं गाइड प्रादेशिक कार्यालय के निर्देशानुसार बेसिक कोर्स फॉर स्काउट मास्टर एवं गाइड कैप्टन प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ 26 दिसंबर 2025 को विधिवत रूप से किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त, कानपुर मंडल कानपुर श्री मयंक शर्मा के निर्देशन एवं गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।

शिविर के उद्घाटन अवसर पर जिला मुख्य आयुक्त दिनेश वर्मा एवं सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त मयंक शर्मा द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन तथा स्काउट आंदोलन के संस्थापक लॉर्ड बेडन पॉवेल की प्रतिमा पर पुष्पार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके पश्चात मंचासीन अतिथियों एवं समस्त प्रतिभागियों का परिचय कराया गया।

ध्वज शिष्टाचार कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में शशिप्रभा (लीडर कोर्स – गाइड), मनोज कुमार रावत (लीडर कोर्स – स्काउट), जिला सचिव डॉ. महेश चंद्र राजपूत एवं जिला आयुक्त रामदास उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में जिला संगठन आयुक्त गाइड चमन शुक्ला, जिला स्काउट मास्टर सुधीर कुमार कुशवाहा, जिला प्रशिक्षण आयुक्त योगेश कुमार, जिला संगठन आयुक्त स्काउट गजेंद्र सिंह, पुष्पेंद्र शर्मा एवं पुष्कर मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी एवं प्रशिक्षकगण भी मौजूद रहे।

प्रशिक्षण शिविर के प्रथम दिवस पर सभी प्रतिभागियों को टीमों में विभाजित कर कार्य विभाजन किया गया तथा ड्यूटी कार्ड वितरित किए गए, जिसके माध्यम से प्रतिदिन टीमों को अपने-अपने दायित्वों का नियमित निर्वहन करना होगा।

इस अवसर पर मयंक शर्मा ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण के दौरान सभी अध्यापकों को बालक बनकर स्काउटिंग की सभी गतिविधियों को सीखना आवश्यक है, ताकि वे पूर्ण मनोयोग से प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने-अपने विद्यालयों में बच्चों को बेहतर ढंग से सिखा सकें।

डॉ. महेश चंद्र राजपूत ने सभी प्रतिभागियों को कोर्स के शुभारंभ पर बधाई देते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण शिविर जनपद में स्काउट एवं गाइड गतिविधियों को मजबूती प्रदान करेगा तथा प्रशिक्षकों की कमी को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रतिभागी आगे के कोर्स भी पूरी निष्ठा से कर स्काउटिंग विचारधारा को आगे बढ़ाएंगे।

वहीं जिला आयुक्त रामदास ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि कड़ाके की ठंड के बावजूद विभिन्न क्षेत्रों से आकर स्काउटिंग गतिविधियों को आगे बढ़ाने का संकल्प लेना सराहनीय है और सभी प्रतिभागी बधाई के पात्र हैं।

कार्यक्रम का समापन स्काउट-गाइड आंदोलन के उद्देश्यों को जनपद में और अधिक सशक्त बनाने के संकल्प के साथ किया गया।