फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 अक्टूबर 2025 को थाना कम्पिल की एंटी रोमियो टीम ने मिशन शक्ति अभियान फेस 5.0 के तहत बाजार क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाया। टीम ने भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा एवं स्वावलंबन से जुड़ी जानकारी दी।
इस दौरान एंटी रोमियो टीम के सदस्यों ने महिलाओं को बताया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या असुरक्षा की स्थिति में तुरंत पुलिस या हेल्पलाइन नंबरों 112 (आपातकालीन सेवा), 1090 (वूमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन) पर संपर्क करें। उन्होंने कहा कि पुलिस हमेशा महिलाओं की सुरक्षा के लिए तत्पर है और प्रत्येक शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की जाती है।
टीम ने मौजूद बालिकाओं को आत्मरक्षा के उपायों की जानकारी दी और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। साथ ही लोगों से अपील की कि वे समाज में महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। मिशन शक्ति अभियान फेस 5.0 के तहत जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास को मजबूत किया जा सके।
