फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 सितंबर 2025 जनपद के थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के अंतर्गत बाईपास रोड पर स्थित बैंक ऑफ़ इंडिया के 120वें स्थापना दिवस के अवसर पर अजमतपुर शाखा में शनिवार को भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर शाखा प्रबंधक एवं बैंक कर्मियों ने स्थापना दिवस को बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और राष्ट्रगान के साथ हुई। शाखा प्रबंधक ने बैंक की ऐतिहासिक यात्रा, ग्राहक सेवा और समाजसेवा के क्षेत्र में बैंक ऑफ़ इंडिया के योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वर्ष 1906 में मुंबई से शुरू हुआ यह बैंक आज देशभर में लाखों ग्राहकों की सेवा कर रहा है और डिजिटल बैंकिंग की दिशा में लगातार अग्रसर है।
स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में ग्राहकों को विशेष सुविधाओं की जानकारी दी गई। साथ ही ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने और आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने में बैंक की भूमिका पर भी चर्चा हुई।
ग्राहकों को सम्मानित करते हुए शाखा प्रबंधक ने कहा कि “ग्राहक ही हमारी असली ताकत हैं, उन्हीं के भरोसे बैंक ने यह लंबी यात्रा तय की है।” कार्यक्रम में बैंक कर्मियों, ग्राहकों व सम्मानित नागरिकों की बड़ी संख्या मौजूद रही।
कार्यक्रम का समापन मिठाई वितरण और सभी को धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।
