फर्रुखाबाद:काशीराम कॉलोनी में आवारा जानवरों का आतंक, स्कूली बच्चे दहशत में ,अधिकारी मौन

फर्रुखाबाद: (द दस्तक 24 न्यूज़) 05 अगस्त 2025 जनपद की काशीराम कॉलोनी गढ़िया हैवतपुर में आवारा जानवरों की बढ़ती संख्या से स्थानीय नागरिकों का जीवन मुश्किलों भरा हो गया है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है, जो जान जोखिम में डालकर स्कूल जाने को मजबूर हैं। स्थानीय निवासी नीरज ने जानकारी देते हुए बताया कि कॉलोनी की सड़कों पर खुलेआम आवारा जानवर घूमते हैं, जिनकी वजह से बच्चों को डर बना रहता है कि कहीं कोई हादसा न हो जाए। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि लोग खुद को घरों में कैद करने को मजबूर हैं।

नीरज ने बताया कि क्षेत्र में जगह-जगह कूड़े का अंबार लगा हुआ है और नालियां कचरे से भरी पड़ी हैं, जिससे जलभराव हो रहा है। इस गंदगी के कारण कॉलोनी में संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है। यह स्थिति तब है जब योगी सरकार द्वारा आवारा पशुओं के संरक्षण हेतु गौशालाओं की व्यवस्था की गई है। बावजूद इसके जिम्मेदार अधिकारी समस्या को लेकर पूरी तरह से मौन हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर पालिका और संबंधित विभागों की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से अपील की है कि वे जल्द से जल्द इस गंभीर समस्या का समाधान करें, ताकि बच्चों और आम जनता को राहत मिल सके।