(द दस्तक 24 न्यूज़) : 15 अगस्त 2025 को 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तथागत संभ्रांत नागरिक सामाजिक संगठन द्वारा शिवगीता हॉस्पिटल नेकपुर खुर्द, गुरुगांव देवी मंदिर के पास ध्वजारोहण एवं गोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन महिला सभा की जिला मंत्री एवं प्रधानाचार्य हिमलेश शाक्य ने किया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त जिला अर्थ सांख्यिकी अधिकारी फकीरे लाल शाक्य ने ध्वजारोहण किया। महिला सभा की जिला उपाध्यक्ष शकुंतला शाक्य ने महिलाओं का वंदन-अभिनंदन कर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
संगठन की उपलब्धियां और सामाजिक योगदान
जिला उपाध्यक्ष गिरजा शंकर शाक्य ने बताया कि संगठन हमेशा हर मोड़ पर खरा उतरा है। हाल ही में पट्टी प्रदुमन पीड़ित परिवार को 11,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। उन्होंने कहा कि समाज पर अत्याचार होने पर संगठन कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा।
पुस्तकालय प्रभारी सुरेंद्र सिंह शाक्य ने जानकारी दी कि डिजिटल सुविधा के कारण अब पुस्तकालय में पाठकों की संख्या कम हो रही है। किसान यूनियन से जुड़े कमलेश शाक्य ने संगठन की शक्ति की प्रशंसा करते हुए कहा कि इतनी मजबूत एकजुटता उन्होंने पहले कभी नहीं देखी।
अनुशासन और सहभागिता पर बल
श्री गिरजा शंकर शाक्य ने बैठक में समय से आने की अपील की, वहीं महासचिव रामवीर शाक्य ने भ्रष्टाचार और अज्ञानता समाप्त करने पर जोर दिया। जिला उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र शाक्य एडवोकेट ने शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताते हुए व्यक्तिगत टिप्पणियों से बचने की सलाह दी। संगठन के संरक्षक अवनीश शाक्य ने स्पष्ट किया कि संगठन सामाजिक मदद करेगा, लेकिन व्यक्तिगत विवादों में हस्तक्षेप नहीं करेगा।
महिला सम्मान और राजनीति में भागीदारी
भाजपा पिछड़ा मोर्चा के जिलाध्यक्ष कुलदीप कुशवाहा ने मंच पर किसी महिला को सम्मान न मिलने पर खेद जताया और कहा कि महिलाओं का उत्साहवर्धन जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि समाज की संख्या के अनुसार राजनीति में भागीदारी अभी भी बहुत कम है, जिसे बढ़ाने की जरूरत है।
शिक्षा और विकास पर जोर
पूर्व बैंक प्रबंधक सुरेश चंद शाक्य ने कहा कि 78 वर्षों के स्वतंत्रता के बावजूद समाज वहां तक नहीं पहुंचा जहां उसे होना चाहिए था। उन्होंने शिक्षा को प्राथमिकता देने और बच्चों को झूठे आश्वासन न देने की सलाह दी। ऑडिटर अंचल सिंह कुशवाहा ने कहा कि आजादी से पहले शिक्षा पर पाबंदी के कारण समाज गुलामी में रहा। फकीरे लाल शाक्य ने संगठन और समाज को मजबूत करने के लिए पहले स्वयं का विकास करने की अपील की।
कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य
इस अवसर पर घनश्याम शाक्य, कोषाध्यक्ष राधेश्याम शाक्य, जिला सचिव संतोष कुमार शाक्य, रामू शाक्य, अखिल शाक्य, हेमंत शाक्य, चंद्रशेखर शाक्य, सुषमा देवी, नीलेश शाक्य, जवाहरलाल शाक्य, जिला उपाध्यक्ष महावीर सिंह शाक्य, महेश शाक्य, अवधेश शाक्य, डॉ. धर्मवीर शाक्य, विजय शाक्य सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रध्वज के सम्मान और एकजुटता के संकल्प के साथ हुआ।
