फर्रुखाबाद:स्वदेशी मेला 2025: कृषि आधारित उत्पादों पर संगोष्ठी, हरिशचंद्र नाटक ने लूटी सबका दिल

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 अक्टूबर 2025 मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार यू०पी० इंटरनेशनल ट्रेड शो–2025 की तर्ज पर जनपद फर्रुखाबाद में आयोजित जनपद स्तरीय ट्रेड शो–2025 स्वदेशी मेला का छठा दिन उत्साह और जनसहभागिता से भरपूर रहा। क्रिश्चियन इंटर कॉलेज ग्राउंड पर आयोजित इस मेले में आज ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के जनमानस, किसानों और छात्रों की भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने स्वदेशी उत्पादों की जमकर खरीदारी की और आत्मनिर्भर भारत की भावना को साकार किया।

आज मेले में कृषि आधारित उत्पादों पर विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें जिला कृषि अधिकारी एवं उद्योग विभाग के अधिकारियों ने किसानों को सरकार की विभिन्न लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी। विभिन्न ब्लॉकों से आए किसानों ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

इस अवसर पर विधायक कायमगंज श्रीमती सुरभि, विधायक अमृतपुर श्री सुशील शाक्य, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री फतेहचन्द्र वर्मा, ब्लॉक प्रमुख श्री कुलदीप गंगवार, संयोजक श्री डी.एस. राठौर (जिला महामंत्री) सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने मेले में लगे स्टालों का भ्रमण किया और स्वदेशी वस्तुओं की खरीदारी कर स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन दिया।

कार्यक्रम में लगभग 1150 लोगों ने प्रतिभाग किया। इसके साथ ही एक भव्य सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन हुआ, जिसमें जनपद के प्रसिद्ध कलाकार श्री सुरेन्द्र पाण्डेय ने हरिशचन्द्र नाटक का मंचन कर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। नाटक के माध्यम से भारतीय संस्कृति और सत्यनिष्ठा के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। उपस्थित किसानों, छात्रों एवं ग्रामीणों ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया।

कार्यक्रम के अंत में उपायुक्त उद्योग ने बताया कि कल 15 अक्टूबर 2025 को प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना (भारत सरकार) पर विशेष संगोष्ठी/कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भारत सरकार के अधिकारी प्रतिभाग करेंगे। इसके अलावा जनपद के प्रसिद्ध जादूगर श्री के.एस. गोगा अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।

जनपद प्रशासन व उद्योग विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वदेशी मेला–2025 में अधिक से अधिक संख्या में परिवार सहित उपस्थित होकर स्थानीय कारीगरों व उद्यमियों को समर्थन दें और “वोकल फॉर लोकल” के संकल्प को आगे बढ़ाएं।