फर्रुखाबाद: पुलिस अधीक्षक ने कोरीखेड़ा में बालक अपहरण–हत्या प्रकरण के घटनास्थल का किया निरीक्षण

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 दिसम्बर 2025 जनपद की पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह द्वारा थाना जहानगंज क्षेत्रान्तर्गत ग्राम कोरीखेड़ा में अपहृत बालक आशुतोष 10 वर्ष का शव मिलने की गंभीर घटना को लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा साक्ष्यों के संरक्षण एवं निष्पक्ष विवेचना के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और आश्वस्त किया कि इस जघन्य अपराध में संलिप्त दोषियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच पूरी पारदर्शिता और तत्परता के साथ की जा रही है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को घटना के शीघ्र अनावरण, तकनीकी साक्ष्यों के प्रभावी उपयोग तथा सभी पहलुओं पर गहन जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए सतर्कता बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए। फतेहगढ़ पुलिस द्वारा घटना के सफल अनावरण के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही मामले में ठोस परिणाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है।