फर्रुखाबाद:छठ पूजा पर्व को लेकर पुलिस अधीक्षक ने किया पांचाल घाट का निरीक्षण, दिए सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 अक्टूबर 2025 छठ महापर्व के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ श्रीमती आरती सिंह ने आज थाना कादरीगेट क्षेत्रान्तर्गत पंचाल घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाट पर की गई साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन तथा प्रकाश व्यवस्था आदि का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए तथा किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। उन्होंने पुलिस बल को सतर्क रहते हुए भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और महिला सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध करने के निर्देश दिए।

श्रीमती सिंह ने कहा कि छठ पर्व आस्था और श्रद्धा का पर्व है, इसलिए इसका आयोजन शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में होना चाहिए। उन्होंने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है और महिला पुलिसकर्मी भी मौजूद रहेंगी।

छठ पूजा के अवसर पर नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग द्वारा भी सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे पर्व के दौरान सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि पर्व सकुशल सम्पन्न हो सके।