फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 दिसंबर 2025 पुलिस अधीक्षक आरती सिंह द्वारा पुलिस लाइन सभागार में मिशन शक्ति केन्द्र से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत संचालित महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करना तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा करना रहा।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय ने मिशन शक्ति के अंतर्गत चल रही विभिन्न गतिविधियों—जैसे महिला एवं बालिकाओं के लिए जागरूकता अभियान, स्कूल एवं कॉलेजों में संपर्क कार्यक्रम, महिला हेल्पडेस्क का संचालन, परामर्श सेवाएं तथा पीड़ित महिलाओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अब तक की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट रूप से कहा कि महिला संबंधी प्रत्येक प्रकरण में पुलिस की भूमिका संवेदनशील, त्वरित एवं प्रभावी होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि पीड़ित महिलाओं को समयबद्ध राहत, कानूनी सहायता एवं काउंसलिंग उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे स्वयं को सुरक्षित और सशक्त महसूस कर सकें।
बैठक में यह भी कहा गया कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत जनजागरूकता अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, ताकि महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं एवं हेल्पलाइन सेवाओं की सही जानकारी मिल सके। अंत में अधिकारियों से अपेक्षा की गई कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मिशन शक्ति के उद्देश्यों को जमीनी स्तर पर सफल बनाएं।
