फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 नवम्बर 2025 पुलिस अधीक्षक आरती सिंह द्वारा शनिवार को थाना अमृतपुर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाने की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव, मिशन शक्ति केंद्र, CCTNS कार्यालय, हवालात, मैस एवं पुलिस बैरकों का गहनता से अवलोकन किया गया।
एसपी ने अभिलेखों की जांच करते हुए रजिस्टरों के समुचित रख-रखाव और शुद्ध प्रविष्टियों पर बल दिया। उन्होंने महिला सुरक्षा से जुड़े मिशन शक्ति केंद्र का भी निरीक्षण किया और वहां उपस्थित महिला बीट अधिकारीगण से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
थाना क्षेत्र में चिन्हित एच.एस., सक्रिय अपराधी एवं टॉप-10 अपराधियों के संबंध में विस्तृत जानकारी लेते हुए एसपी ने कहा कि इन पर सतत निगरानी रखी जाए तथा बीट प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।
उन्होंने शस्त्रों के भौतिक सत्यापन, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने एवं वर्तमान में चल रहे सभी सरकारी अभियानों — जैसे नए आपराधिक कानूनों के प्रति जागरूकता, यातायात माह एवं सतर्कता जागरूकता सप्ताह — के सफल क्रियान्वयन हेतु संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के अंत में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि थाने की कार्यप्रणाली जनता के प्रति उत्तरदायी होनी चाहिए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
