फर्रुखाबाद में लोक सेवा आयोग की प्रारम्भिक परीक्षा हेतु तैयारी पूरी, जिलाधिकारी ने दी आवश्यक निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 अक्टूबर 2025 आगामी सम्मिलित राज्य / प्रवर अधीनस्थ सेवा (प्रारम्भिक) परीक्षा-2025 तथा सहायक वन संरक्षक/क्षेत्रीय वन अधिकारी सेवा (प्रा.) परीक्षा-2025 को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराये जाने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़, अपर पुलिस अधीक्षक, जिला विद्यालय निरीक्षक, जनपद के सभी 16 परीक्षा केन्द्रों के केन्द्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं लोक सेवा आयोग द्वारा नामित पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।

बैठक में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने अवगत कराया कि प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर 05 सशस्त्र पुलिसकर्मी (03 पुरुष एवं 02 महिला) के साथ-साथ एक इंस्पेक्टर या सब इंस्पेक्टर की तैनाती रहेगी। सभी पुलिसकर्मी परीक्षा प्रारम्भ होने से दो घंटे पूर्व केन्द्र पर पहुंच जाएंगे। संबंधित थाना प्रभारी परीक्षा अवधि में लगातार गश्त पर रहेंगे, वहीं शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु अतिरिक्त पुलिस बल भी तैयार रखा जाएगा।

जिलाधिकारी द्विवेदी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक एवं पुलिस अधिकारी अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएं।

अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) ने निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान किसी भी कर्मचारी या शिक्षक के पास मोबाइल फोन नहीं रहेगा। परीक्षा केन्द्रों पर दो स्तर की सुरक्षा जांच प्रणाली लागू की जाएगी — पहले पुलिसकर्मी द्वारा प्रारंभिक तलाशी और उसके बाद एजेंसी कर्मियों द्वारा सघन जांच की जाएगी।

परीक्षा उपरांत केन्द्र पर तैनात इंस्पेक्टर/सब इंस्पेक्टर द्वारा यह प्रमाणित किया जाएगा कि सभी परीक्षार्थियों की जांच पूर्ण शुचिता से की गई है और किसी प्रकार की अनियमितता नहीं पाई गई।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को परीक्षा के सफल संचालन हेतु शुभकामनाएं दीं और कहा कि फर्रुखाबाद जनपद की परीक्षा व्यवस्था अनुकरणीय एवं पारदर्शी बनी रहेगी।