फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 10 अक्टूबर 2025 पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्रान्तर्गत कानून-व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने के उद्देश्य से सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस बल के साथ क्षेत्र में पैदल गश्त करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और पुलिस कर्मियों को सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
एसपी आरती सिंह ने कहा कि किसी भी प्रकार की अराजकता या शांति भंग करने वाली गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आमजन को भरोसा दिलाया कि जनपद में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है तथा सभी धार्मिक गतिविधियां शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराई जाएंगी।
गश्त के दौरान उन्होंने बाजार, प्रमुख मार्गों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था की मौके पर जांच की और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कानून लागू करना नहीं, बल्कि नागरिकों को सुरक्षित माहौल प्रदान करना है। उन्होंने सभी से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी, कोतवाल फतेहगढ़ सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
