फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 30 सितम्बर 2025 मंगलवार को जनपद के कई गांवों में अचानक हुई बारिश ने आलू की बुआई हुई फसल के लिए चिंता पैदा कर दी है। किसानों का कहना है कि आलू की बुआई के कुछ ही दिन बाद हुई इस बरसात से खेतों में पानी भर गया है, जिससे धूप निकलने पर आलू के बीज खराब होने की संभावना बढ़ गई है।
किसानों ने बताया कि जिन खेतों में आलू की बुआई पहले ही हो चुकी है, वहां फसल को नुकसान पहुंचने का डर है। वहीं, जिन खेतों में अभी बुआई की तैयारी चल रही थी, वहां इस बरसात को किसानों के लिए लाभकारी माना जा रहा है।
स्थानीय कृषक रामेश्वर सिंह ने बताया, “हमने आलू की बुआई पांच दिन पहले ही की थी, लेकिन अचानक हुई बारिश से खेत में पानी भर गया। अगर जल्दी धूप नहीं आई तो आलू का बीज खराब हो सकता है। इससे किसानों की जेब पर भारी असर पड़ सकता है।”
कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि इस समय किसानों को खेतों में जल निकासी का ध्यान रखना चाहिए और जरूरत पड़ने पर बीजों की सुरक्षा के लिए उपाय करने चाहिए। उन्होंने किसानों से सतर्क रहने और फसल को नुकसान से बचाने के लिए समय पर कदम उठाने की अपील की है।
जनपद के कृषि विभाग ने भी किसानों को बारिश के बाद खेतों की स्थिति का आकलन करने और आवश्यक कदम उठाने की सलाह दी है।
