फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 नवम्बर 2025 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के निर्देशन में यातायात माह के अंतर्गत आज श्रीमती सत्यवती पब्लिक स्कूल, मोहम्मदाबाद में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी और सभी को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई।
श्री राजपूत ने बताया कि जनपद फर्रूखाबाद में वर्ष 2025 के अक्टूबर माह तक कुल 397 सड़क दुर्घटनाएँ घटित हुईं, जिनमें 246 लोगों की मृत्यु तथा 324 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के आंकड़ों के अनुसार, सड़क दुर्घटनाओं में करीब 20 प्रतिशत मृतक पैदल यात्री होते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को सड़क पर चलते समय सतर्क रहने, ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने, हेलमेट व सीट बेल्ट के प्रयोग तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने की सख्त चेतावनी दी। एआरटीओ ने बताया कि जिले में घटित लगभग 65% दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहन शामिल होते हैं और मृतकों में भी लगभग 60% दोपहिया वाहन सवार होते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि अवयस्क (नाबालिग) विद्यार्थी वाहन चलाते पाए गए, तो उनके अभिभावक या वाहन स्वामी पर मोटर वाहन (संशोधन) अधिनियम 2019 की धारा 199क के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी। इसमें तीन वर्ष तक की जेल, ₹25,000 तक का जुर्माना और वाहन का पंजीकरण एक वर्ष के लिए रद्द किए जाने का प्रावधान है। साथ ही, किशोर का ड्राइविंग लाइसेंस 25 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद ही जारी किया जाएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित 1758 छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे विद्यालय आने वाले वाहनों (जैसे ऑटो, वैन, बस आदि) की जानकारी विद्यालय प्रशासन को दें, जिससे परिवहन विभाग उन वाहनों की फिटनेस जांच कर सके। कार्यक्रम के अंत में सभी को सड़क सुरक्षा से संबंधित साहित्य भी वितरित किया गया।
व्यक्तित्व विकास पर बल देते हुए श्री राजपूत ने विद्यार्थियों से कहा कि उन्हें अनुशासन, समयबद्धता, कर्त्तव्यनिष्ठा और सहयोग जैसे गुणों को अपने जीवन में शामिल करना चाहिए। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री सुबोध पाण्डे ने अतिथि का स्वागत किया और कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को जिम्मेदार और सजग नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं।
अंत में सभी शिक्षकों व विद्यार्थियों ने दैनिक जीवन में यातायात नियमों का पालन करने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जिला स्काउट मास्टर श्री सुधीर कुशवाहा, ब्लॉक गाइड कैप्टन वीना गौतम, गाइड कैप्टन गीता चौहान, ब्लॉक स्काउट मास्टर अनुराग चतुर्वेदी, रोवर लीडर विपिन कुमार एवं विद्यालय का समस्त शिक्षण स्टाफ उपस्थित रहा।
