फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 नवंबर 2025 यातायात माह 2025 के तहत आज मेजर एस.डी. सिंह आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज में यातायात प्रभारी द्वारा छात्र–छात्राओं को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर प्रभारी ने कॉलेज के कैडेट्स व छात्रों को पंपलेट वितरित कर “सड़क सुरक्षा—जीवन रक्षा” का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान यातायात प्रभारी ने सड़क दुर्घटनाओं के बढ़ते खतरों और उनसे बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि हेलमेट और सीट बेल्ट जैसी छोटी-सी सावधानियां बड़ी दुर्घटनाओं को रोक सकती हैं। इसके साथ ही उन्होंने ट्रैफिक सिग्नल, सड़क संकेतों के महत्व और उनका सही पालन करने पर विशेष जोर दिया।
छात्र–छात्राओं ने भी कार्यक्रम में रुचि दिखाते हुए सवाल पूछे तथा सुरक्षा नियमों का पालन करने की प्रतिबद्धता जताई। कॉलेज प्रशासन ने पुलिस विभाग के इस प्रयास की सराहना की और कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम युवाओं को सुरक्षित भविष्य देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
यातायात माह के दौरान जिले में इसी प्रकार के कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य आम जनमानस को सड़क सुरक्षा के प्रति सजग बनाना है।
