फर्रुखाबाद:यातायात नियमों के उल्लंघन पर चला सख्ती का डंडा, पुलिस ने चलाया विशेष अभियान, 597 वाहन चालान, ₹8.65 लाख जुर्माना वसूला।

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 जून 2025 पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देशन में जनपद में यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्यवाही करते हुए समस्त थाना/कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत व्यापक वाहन चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी नगर ऐश्वर्या उपाध्याय द्वारा किया गया, जिसमें यातायात पुलिस और थानों की पुलिस टीमों ने मिलकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की।

अभियान के अंतर्गत दोपहिया, तीन पहिया और चार पहिया वाहनों की सघन जांच की गई। बगैर हेलमेट, नंबर प्लेट रहित वाहन, मॉडिफाइड साइलेंसर और अवैध रूप से चल रहे ई-रिक्शा के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की गई। इस अभियान में कुल 597 वाहनों के चालान किए गए, जिनमें 114 ई-रिक्शा शामिल रहे। वहीं 23 ई-रिक्शा सीज किए गए और 19 वाहनों के मॉडिफाइड साइलेंसर पर चालान किया गया। कुल मिलाकर ₹8,65,200/- का शमन शुल्क वसूला गया।

यातायात जागरूकता के लिए दिए गए प्रमुख बिंदु:

1. ट्रैफिक सिग्नल, बोर्ड और संकेतों का कड़ाई से पालन करें।

2. अनुमत गति सीमा में ही वाहन चलाएं।

3. नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें।

4. ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का प्रयोग न करें।

5. दोपहिया वाहन पर हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनें।

6. चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट अवश्य लगाएं।

7. पैदल यात्रियों के लिए निर्धारित मार्ग का प्रयोग करें।

8. लेन बदलते समय पीछे देखकर और सावधानी से वाहन चलाएं।

9. सड़क पर गंदगी या बाधा उत्पन्न न करें।

10. सड़क सुरक्षा के नियमों के बारे में खुद भी जागरूक रहें और दूसरों को भी जागरूक करें।

11. यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।

12. सुरक्षित ड्राइविंग से सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।

पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ श्रीमती आरती सिंह ने आमजन से अपील की है कि सड़क पर चलने वाले हर व्यक्ति को यातायात नियमों का पालन अवश्य करना चाहिए ताकि सभी की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि यह अभियान आगे भी सतत रूप से जारी रहेगा।