फर्रुखाबाद:फर्जी मतदान पर लगेगी रोक, पारदर्शी चुनाव के लिए शुरू हुई कार्रवाई — भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 02 नवम्बर 2025 भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा है कि आगामी चुनावों में अब फर्जी मतदान नहीं हो सकेगा। उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देश पर एसआईआर की कार्रवाई शुरू कर दी गई है, जिसके तहत मतदाता सूची की गहन जांच की जा रही है। इसमें केवल योग्य मतदाता ही शामिल रहेंगे, जबकि फर्जी और अयोग्य नाम हटाए जाएंगे, ताकि मतदान प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष हो सके।

भूपेंद्र चौधरी भाजपा सांसद मुकेश राजपूत के पुत्र अंकित राजपूत के विवाह समारोह में शामिल होने फर्रुखाबाद पहुंचे थे। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ विपक्षी नेता नकारात्मक एजेंडा चलाकर समाज को बांटने का काम कर रहे हैं, जबकि भाजपा विकास और एकता के मार्ग पर आगे बढ़ रही है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा और नीतीश सरकार के विकास कार्यों की बदौलत बिहार में नीतीश की ही सरकार बनेगी। उन्होंने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है, जिसमें बुलडोजर नीति भी शामिल है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारें अपराधियों को संरक्षण देती थीं, लेकिन भाजपा सरकार में अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है।

इस अवसर पर उन्होंने पार्टी द्वारा संचालित ‘आत्मनिर्भर भारत’, ‘संविधान दिवस’ और ‘सामूहिक वंदे मातरम’ कार्यक्रमों की जानकारी भी दी।

विवाह समारोह में प्रदेश के मंत्री असीम अरुण, सांसद रमेश अवस्थी, विधायक कैलाश राजपूत, क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, भाजपा नेता डॉ. भूदेव सिंह राजपूत, विश्वास गुप्ता, जीएस राठौर, वीरेंद्र सिंह राठौर, राहुल राजपूत, प्रभात अवस्थी, डॉ. देवदत्त राजपूत, शिवांग रस्तोगी, चित्रा अग्निहोत्री, सुमन राठौर, बबीता पाठक, मीरा सिंह व अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

समारोह में भाजपा सांसद स्वामी सच्चिदानंद हरि साक्षी महाराज भी शामिल हुए। सांसद मुकेश राजपूत, जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा व राहुल राजपूत ने साक्षी महाराज का फूल मालाओं से स्वागत किया।

इस दौरान डॉ. अनार सिंह यादव, पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार, राजकुमार वर्मा, धर्मेंद्र राजपूत, विमल कटियार, परषोत्तम वर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।